गाजियाबादः सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर



गाजियाबाद - थाना खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार में बकरीद के दिन हुई सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है। 

बता दें कि सूर्या चौहान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और विभिन्न संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था। पुलिस ने इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था। उसकी तलाश में लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। 

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि असद इंदिरापुरम क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास किए जाने पर असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चला रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।