नई दिल्ली : भारत ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के तहत अब तक 40 लाख परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ा जा चुका है। सतत विकास और जन कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना का लक्ष्य 1 करोड़ घरों को रोशन करना है, जिसके लिए 75,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है। योजना के तहत प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
इस योजना से घर अब केवल बिजली उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक भी बन रहे हैं, जिससे लोगों को बिजली खर्च में राहत मिल रही है और सरकारी सब्सिडी का लाभ भी मिल रहा है।
केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने 'X' पर पोस्ट करते हुए कहा कि हर सोलर-पावर्ड घर के साथ भारत ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरणीय स्थिरता और आत्मनिर्भर 'विकसित भारत' के लक्ष्य के और करीब पहुंच रहा है।