गंगटोक/नई दिल्ली - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज सिक्किम पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस ध्वज से सम्मानित किया। यह सम्मान देश में किसी पुलिस बल को असाधारण सेवा, अटूट अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण के सम्मान में दिया जाने वाला सर्वोच्च औपचारिक सम्मान है। यह सम्मान गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित अलंकरण परेड के दौरान प्रदान किया गया। सिक्किम देश का 15वां और पूर्वोत्तर का तीसरा राज्य है जिसे यह पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुलिस बल से अधिक नागरिक-केंद्रित होने का आग्रह किया। साथ ही राष्ट्रपति ने कहा कि पुलिस को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डीपफेक आदि से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। साथ ही राष्ट्रपति ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपदा प्रबंधन में सिक्किम पुलिस की भूमिका की सराहना की।