झाँसी(डेस्क) - झांसी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा और साइबर ठगी के बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह चाइनीज वेबसाइटों, इंडोनेशियाई सिम और हवाला नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दे रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने रागीब अहमद, सनी अमरैया, सोहिल खान, अनुभव सिंह, दानिश खान उर्फ नूर, सौरभ विश्वकर्मा और देवेश कुमार गौतम को गिरफ्तार किया।
गिरोह का मास्टरमाइंड ध्रुव निवासी इंदौर फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, 114 बैंक खातों की पासबुक और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग और निवेश के नाम पर लोगों को ठगते थे। ठगी की रकम को क्रिप्टो करेंसी और हवाला के जरिए विदेशों में भेजा जाता था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।