उत्तराखंड में एआई को मिलेगा बढ़ावा



देहरादून - देवभूमि उत्तराखंड में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से जोड़ने की दिशा में एक नई तकनीकी पहल की गई है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आज लोक भवन में “एआई थीम रूम” का उद्घाटन किया और “एआई ऑन व्हील्स” मोबाइल तकनीकी प्रयोगशाला को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड को अब ‘ज्ञान-भूमि’ से ‘टेक-भूमि’ बनाने का समय आ गया है। 
उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और तकनीकी संप्रभुता विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बनेगी तथा युवाओं को तकनीक का उपभोक्ता नहीं बल्कि नवाचार का निर्माता बनना होगा। 

आपको बता दें कि “एआई ऑन व्हील्स” एक अत्याधुनिक मोबाइल तकनीकी प्रयोगशाला है, जिसका उद्देश्य उत्तराखण्ड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक एआई शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण पहुंचाना है। कार्यक्रम में मौजूद दून विश्वविद्यालय की कुलपति सुरेखा डंगवाल ने कहा कि वर्तमान समय में एआई एक बड़ी आवश्यकता बन चुका है और उत्तराखण्ड को तकनीकी और अनुसंधान के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना होगा। वहीं लोक भवन में स्थापित “एआई थीम रूम” को आधुनिक एआई सिस्टम, रोबोटिक्स, आईओटी डिवाइस और एडवांस कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से सुसज्जित किया गया है। यह केंद्र विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और स्टार्टअप्स के लिए नवाचार और अनुसंधान का मंच बनेगा। 

कार्यक्रम में टेक्नो हब इंजीनियरिंग के चीफ टेक्निकल ऑफिसर सिद्धार्थ माधव ने बताया कि इस थीम रूम के जरिए युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने और सामाजिक समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने पर काम किया जाएगा। कार्यक्रम में रोबोट का लाइव डेमो भी आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं “ऑपरेशन कल्कि” पहल के तहत प्रदेश के सभी 13 जनपदों में स्कूलों में कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों को एआई आधारित नवाचार और तकनीकी शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। 

कार्यक्रम में एआई के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्कूली बच्चों को राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया गया। सम्मान पाने के बाद छात्रा चेतना अधिकारी और हर्षिता पंत ने कहा कि इस उपलब्धि से उन्हें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा मिली है।