भुवनेश्वर /नई दिल्ली : आधुनिक रक्षा तकनीक के क्षेत्र में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और लगातार नई-नई मिसाइलों का परीक्षण कर रहा है। इसी कड़ी में भारत ने शुक्रवार को उन्नत अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
इस मिसाइल को ओडिशा स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से लॉन्च किया गया। यह मिसाइल अत्याधुनिक MIRV (मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेड री-एंट्री व्हीकल) प्रणाली से लैस है। इस मिसाइल का परीक्षण कई पेलोड के साथ किया गया, जिसका निशाना हिंद महासागर के भौगोलिक क्षेत्र में फैले विभिन्न लक्ष्यों पर था। इस सफल परीक्षण के साथ भारत ने एक बार फिर एक ही मिसाइल प्रणाली के माध्यम से अनेक रणनीतिक लक्ष्यों को साधने की क्षमता का प्रदर्शन किया।
यह मिसाइल देशभर के उद्योगों के सहयोग से डीआरडीओ की प्रयोगशालाओं द्वारा विकसित की गई है। परीक्षण के दौरान डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिक और भारतीय सेना के जवान भी मौजूद रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल उड़ान परीक्षण के लिए डीआरडीओ, भारतीय सेना और उद्योग जगत की सराहना की।