यूपी में तूफान से 24 की मौत, सीएम योगी ने दिए राहत के निर्देश



लखनऊ - उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में 24 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 15 लोग घायल हुए हैं और 16 पशुओं की भी मौत हुई है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का उचित और त्वरित इलाज सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी आदेश दिया है कि भारी बारिश और तूफान से हुए जान-माल और पशुधन के नुकसान के मामलों में मुआवजा 24 घंटे के भीतर प्रभावित लोगों तक पहुंचाया जाए।

सरकारी स्तर पर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं और प्रभावित जिलों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।