दिल्ली एयरपोर्ट पर हादसा: टेकऑफ के दौरान स्विस एयर विमान के इंजन में आग



नई दिल्ली - दिल्ली एयरपोर्ट पर उस समय एक बड़ा हादसा टल गया जब स्विस एयर की दिल्ली से ज्यूरिख जाने वाली फ्लाइट SWR146 में टेकऑफ के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई। बताया गया कि उड़ान भरते समय विमान का इंजन फेल हो गया। विमान के बाएं हिस्से से धुआं निकलता देखा गया, जबकि दाईं तरफ लैंडिंग गियर के पास आग लगने की खबर सामने आई।  हालात को देखते हुए तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया। 

इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड्स के जरिए रनवे पर उतारा गया। विमान में कुल 228 यात्री और चार शिशु सवार थे। 

घायल यात्रियों को कराया गया अस्पताल में भर्ती : एयरलाइन ने बताया कि इस घटना में क्रू मेंबर सुरक्षित हैं, जबकि छह यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद यात्रियों में घबराहट का माहौल देखा गया, लेकिन सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।