रूद्रप्रयाग : रुद्रप्रयाग ज़िले में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। कपाट खुलते ही विधिवत् केदारनाथ यात्रा का शुभारंभ हो गया है।
इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धाम में मौजूद रहे। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
कपाट उद्घाटन के दौरान हेलीकॉप्टर से मंदिर पर भव्य पुष्प वर्षा की गई, जिससे माहौल और अधिक दिव्य हो गया। श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। इससे पूर्व सुबह करीब 4 बजे से ही धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। पंचमुखी डोली की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान की डोली को मंदिर प्रांगण में लाया गया और तय परंपराओं के अनुसार कपाट खोलने की प्रक्रिया पूरी की गई। ठीक 8 बजे कपाट खुलते ही सबसे पहले पंचमुखी डोली को गर्भगृह में प्रवेश कराया गया। इसके बाद सभी धार्मिक औपचारिकताओं के पश्चात भगवान केदारनाथ विधिवत विराजमान हुए।
कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का दर्शन के लिए आगमन शुरू हो गया है। आस्था और भक्ति के इस भव्य आयोजन ने पूरे केदारनाथ धाम को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया है।