रूद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम के कपाट कल 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धाम में मौजूद रहेंगे।
कपाट खुलने के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्दालु केदारनाथ धाम में पहुंच रहे हैं। पूरी केदारघाटी में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। बाबा केदारनाथ की पंचमुखी चल उत्सव विग्रह डोली भी धाम में पहुंच चुकी है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा मार्ग पर सड़कों की मरम्मत, सुचारू यातायात व्यवस्था, पेयजल, खान-पान, आवास और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। बाबा केदार के दर्शनों को धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं ने भी यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर संतोष जताया है। उन्होंने बेहतर प्रबंधन, साफ-सफाई और सुविधाओं की सराहना की है।