गोरखपुर /लखनऊ - गोरखपुर में पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया गया है, जिसे टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (TCS) के सहयोग से करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। यह सेंटर महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में बनाया गया है और इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
इस सेंटर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी और 3D प्रिंटिंग जैसे आधुनिक कोर्स संचालित होंगे। यहां अत्याधुनिक लैब्स भी बनाई गई हैं, जिनसे छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही “AI अवेयरनेस फॉर ऑल” ट्रेनिंग वर्कशॉप भी शुरू की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की तैयारी है और इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास माना जा रहा है।
एमपीआईटी के निदेशक सुधीर अग्रवाल ने बताया कि यह सेंटर नवाचार, स्टार्टअप और रोजगार को बढ़ावा देगा। साथ ही यह पूर्वी यूपी के अन्य 15 तकनीकी संस्थानों को भी ग्लोबल कोर्स से जोड़ने में मदद करेगा। छात्रों में इस पहल को लेकर काफी उत्साह है, क्योंकि अब उन्हें उन्नत तकनीकी शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।