लखनऊ । राजकीय नेशनल होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, गोमती नगर में विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में करीब 1000 से अधिक प्राचार्य, शिक्षक, चिकित्सक, छात्र-छात्राएं एवं होम्योपैथी प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह, प्रो.डॉ. बी.एन. सिंह (पूर्व अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश होम्योपैथिक मेडिसिन बोर्ड), डॉ. प्रमोद कुमार सिंह (निदेशक होम्योपैथी), डॉ. एस.एम. सिंह (अध्यक्ष, पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ होम्योपैथी, प्रयागराज), डॉ. विक्रम प्रसाद तथा जितेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की पत्रिका ‘जागृति’ (वॉल्यूम–4) का विमोचन भी किया गया।
प्राचार्य डॉ. विजय पुष्कर ने अपने स्वागत संबोधन में महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान गतिविधियों और प्रदेश में होम्योपैथी के प्रसार में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पोस्टग्रेजुएट (2022 बैच) के 23 छात्र-छात्राओं का दीक्षांत समारोह रहा, जिसमें सफल विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई।
वैज्ञानिक सत्र में विशेषज्ञों ने होम्योपैथी के सिद्धांतों एवं उपयोगिता पर चर्चा की। प्रो. डॉ. एस.एन. सिंह ने ‘इंडिविजुअलाइजेशन’ एवं ‘लॉ ऑफ मिनिमम डोज’ जैसे मूल सिद्धांतों की व्याख्या करते हुए जटिल रोगों के सफल उपचारों के उदाहरण प्रस्तुत किए। वहीं अश्विनी सिंह पटेल ने कहा कि होम्योपैथी एक ऐसी पद्धति है, जो रोगी का विश्वास जीतकर स्थायी लाभ प्रदान करती है।
प्रो. डॉ. बी.एन. सिंह ने अपने संबोधन में संस्थान की सराहना करते हुए इसे प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख होम्योपैथी संस्थानों में से एक बताया। वहीं प्रो. डॉ. डी.के. सोनकर ने संस्थान के इतिहास और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। आयोजन के समापन पर महाविद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।