देहरादून : उत्तराखंड पुलिस को “राष्ट्रपति पुलिस कलर” से सम्मानित किया गया है। यह भारत में पुलिस बलों को दिया जाने वाले सर्वोच्च सामूहिक सम्मान है। यह भारत सरकार द्वारा उन पुलिस बलों इकाइयों को दिया जाता है, जिन्होंने लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवा, बहादुरी, अनुशासन और उच्च पेशेवर क्षमता का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित सभी अधिकारियों और जवानों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा की राष्ट्रीय पहचान है। इसके साथ ही उत्तराखंड पुलिस देश के उन चुनिंदा पुलिस बलों में शामिल हो गई है, जिन्हें यह सर्वाेच्च सम्मान प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और आधुनिक तकनीक के उपयोग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर यह सम्मान मिला है। दुर्गम परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस ने अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इसे उत्तराखंड पुलिस के इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी पुलिसकर्मियों के समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है।