पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर राज्य सरकार सख्त



लखनऊ(डेस्क) - उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर राज्य सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग, रणवीर प्रसाद ने कहा कि सभी जिलों में मांग के अनुसार पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है और कहीं भी संकट जैसी स्थिति नहीं है।  

प्रदेश सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों के आधार पर घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी न करें। सरकार ने सोशल मीडिया पर ईंधन की कमी जैसे भ्रामक संदेशों को गलत बताते हुए कहा कि ऐसी खबरें फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की स्थिति पर नजर रखें और कहीं भी आपूर्ति बाधित न होने दें। प्रदेश सरकार ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।