इग्नू का दीक्षांत समारोह सात अप्रैल को



लखनऊ । इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 39वां दीक्षांत समारोह आगामी सात अप्रैल को आयोजित किया जायेगा। इसका मुख्य समारोह इग्नू मुख्यालय मैदानगढ़ी, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन होंगे। इसी तारतम्य में इग्नू के 51 क्षेत्रीय केन्द्रों पर साथ-साथ दीक्षांत समारोह आयोजित किया जायेगा, जहाँ पर परास्नातक एवं स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से उपाधि प्रदान की जाएगी।

यह जानकारी वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि लखनऊ में यह कार्यक्रम इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ के सभागार में आयोजित किया जाएगा। इसमें क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के 4574 अर्ह विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी । क्षेत्रीय केंद्र के समारोह में प्रो. (डॉ.) जय प्रकाश पाण्डेय, कुलपति डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम यूनिवर्सिटी, लखनऊ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे । कार्यक्रम में अर्ह विद्यार्थियों के साथ इग्नू क्षेत्रीय मूल्यांकन केंद्र से वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रभारी डॉ. अश्विनी कुमार एवं इग्नू क्षेत्रीय केंद्र से क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रीना कुमारी, डॉ. अनामिका सिन्हा, डॉ. जय प्रकाश वर्मा, सहायक कुलसचिव डॉ. निशिथ नागर, सहायक निदेशक (साफ्टवेयर) अरविन्द मिश्रा, अन्य कर्मचारी गण, इग्नू अध्ययन केन्द्रों के समन्वयक, सह समन्वयक और मीडिया प्रभारी भी उपस्थित रहेंगे।