‘प्रज्ञानम्’ एआई चैटबॉट पर मिलेगी भारतीय ज्ञान परंपरा की हर एक जानकारी



देहरादून : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने लोक भवन, देहरादून में श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘प्रज्ञानम्’ एआई चैटबॉट का लोकार्पण किया। यह चैटबॉट भारतीय ज्ञान प्रणाली से जुड़े विषयों पर प्रश्नों का त्वरित, सटीक और संदर्भ आधारित उत्तर देने में सक्षम है। इसे विश्वविद्यालय द्वारा ‘वन यूनिवर्सिटी-वन रिसर्च’ पहल के अंतर्गत भारतीय ज्ञान परंपरा पर किए गए शोध कार्यों तथा राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रस्तुत विषयवस्तु के आधार पर विकसित किया गया है।

यह चैटबॉट विशेष रूप से वेद, उपनिषद, पुराण, प्राचीन भारतीय गणित, नाट्यशास्त्र, संगीत, आयुर्वेद, दर्शन एवं भारतीय विज्ञान जैसे विषयों पर आधारित विस्तृत डेटाबेस पर निर्मित है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों को भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित प्रमाणिक जानकारी डिजिटल माध्यम से सरल एवं त्वरित रूप में उपलब्ध कराना है। यह चैटबॉट https://pragyanam.live/ पर ऑनलाइन उपलब्ध हो गया है, जहां आम नागरिक, विद्यार्थी एवं शोधार्थी इसे आसानी से उपयोग कर सकते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि ‘प्रज्ञानम्’ जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस अमूल्य ज्ञान को 21वीं सदी की आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर नई पीढ़ी तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जा सकेगा।