मुख्यमंत्री योगी रविवार को करेंगे जेवर एयरपोर्ट का निरीक्षण
नोएडा/लखनऊ - नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लोकार्पण से पहले तैयारियों को लेकर मंथन, मुख्यमंत्री योगी रविवार को करेंगे जेवर एयरपोर्ट का निरीक्षण गौतम बुद्ध नगर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 28 मार्च 2026 को प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 22 मार्च रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। बैठक में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह के साथ प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को दोपहर एक बजे जेवर एयरपोर्ट पर सीधे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री की समीक्षा दौरे को लेकर शनिवार को शासन, प्रशासन, पुलिस, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। मुख्यमंत्री एयरपोर्ट परिसर में पहुंच कर सबसे पहले उद्घाटन के तैयारियों की समीक्षा करेंगे,इसके बाद विकासकर्ता कंपनी, निर्माण एजेंसी, पुलिस, प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर उद्घाटन को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद पार्टी के संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रधानमंत्री के जनसभा को लेकर तैयारी की जारी रूपरेखा पर चर्चा करेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर एयरर्पोट परिसर हुई बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सीईओ राकेश कुमार सिंह तथा एसीईओ शैलेन्द्र भाटिया सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, जनसहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।