खुर्जा (बुलंदशहर) - खुर्जा में आज तड़के एक दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की ज़िंदगी बदल दी। रोड़ी से भरा एक डंफर अनियंत्रित होकर पलट गया और पास में बैठे चार श्रमिक उसके नीचे दब गए। इस हादसे में दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दरअसल, खुर्जा कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव खबर में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी लेकर आया एक डंफर बैक करते समय अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि डंफर की कमानी टूटने से वाहन संतुलन खो बैठा और पलट गया। पास में बैठे चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए और रोड़ी के नीचे दब गए।हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत पहुंची और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया।
खुर्जा के सीओ शोभित कुमार के अनुसार, हादसे में डिबाई के रहीमकोट निवासी राकेश और पवन की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल दो मजदूरों को खुर्जा के जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।