विंध्याचल: नवरात्रि मेला 19 मार्च से, यात्रियों के लिए खास इंतजाम



नई दिल्ली/मिर्ज़ापुर : चैत्र नवरात्रि के मौके पर विंध्याचल में 19 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक लगने वाले मेले के लिए प्रयागराज मंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।

विंध्याचल स्टेशन पर समय सारणी, किराया सूची और प्रवेश-निकास से जुड़े संकेतक लगाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को जानकारी आसानी से मिल सके। स्टेशन पर 3 अनारक्षित और 1 आरक्षित टिकट काउंटर, एक खोया-पाया केंद्र और एक पूछताछ केंद्र उपलब्ध रहेगा।

प्रयागराज मंडल के अपर प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार ने बताया कि टिकट वितरण को सुचारु बनाने के लिए 12 अतिरिक्त स्टाफ और 12 टिकट चेकिंग स्टाफ तैनात किए जा रहे हैं। आरक्षण काउंटर दोनों पालियों में काम करेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए 25 जोड़ी नियमित ट्रेनों के अलावा 5 अतिरिक्त ट्रेनों का भी ठहराव दिया गया है। स्टेशन पर खानपान के लिए 4 स्टॉल पहले से संचालित हैं। अस्थायी सुविधाओं के तहत 3 वाटर पॉइंट, 15 पुरुष और 15 महिला शौचालय तथा 10 स्नानघर बनाए जा रहे हैं। साथ ही, सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन और भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक यात्रियों की मदद के लिए मौजूद रहेंगे।

मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की जाएगी।