नई दिल्ली : ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष के बीच भारत ने होर्मुज स्ट्रेट से अपने दो जहाजों को सुरक्षित निकालने में सफलता हासिल की है। इस कड़ी में एलपीजी गैस से भरा शिवालिक जहाज सोमवार शाम को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत पहुंच गया।
शिवालिक जहाज गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पहुंच चुका है, जहां अब उससे एलपीजी गैस की अनलोडिंग की जाएगी। युद्ध की स्थिति के कारण कई देशों के जहाज होर्मुज स्ट्रेट पार नहीं कर पाए, लेकिन ईरान ने भारत के दो जहाजों- शिवालिक और नंदादेवी को आगे बढ़ने की अनुमति दी।
इन जहाजों के सुरक्षित भारत पहुंचने को रणनीतिक सफलता माना जा रहा है। इसे मौजूदा तनावपूर्ण माहौल में भारत की कूटनीति और संवाद का नतीजा बताया जा रहा है।
शिवालिक के बाद अब दूसरे जहाज नंदादेवी के भी जल्द भारत पहुंचने की उम्मीद है। वहीं दुनिया के कई देशों के जहाज अभी भी होर्मुज स्ट्रेट में फंसे हुए हैं। ईरान ने भी कहा है कि भारत उसका मित्र देश है और वह उसका साथ देगा।