भारत मंडपम में अंतरराष्ट्रीय खाद्य और आतिथ्य मेले ‘आहार’ का आयोजन



नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में इन दिनों ‘आहार’ अंतरराष्ट्रीय खाद्य एवं आतिथ्य मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला 10 मार्च से शुरू हुआ है और 14 मार्च तक यानी पांच दिनों तक चलेगा।

इस मेले में देश-विदेश से आए कारोबारी, निर्माता और स्टार्टअप हिस्सा लेकर अपने खाद्य उत्पादों और नई तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं। ‘आहार’ मेले को फूड और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के सबसे बड़े आयोजनों में से एक माना जाता है। मेले में अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजन, पैक्ड फूड प्रोडक्ट्स, मसाले, मिठाइयों और आधुनिक फूड प्रोसेसिंग से जुड़े कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। करीब 120 साल पुरानी दिल्ली की मसाला कंपनी शान-ए-दिल्ली ने भी यहां अपना स्टॉल लगाया है।

कंपनी के मालिक उदयन शर्मा का कहना है कि भारत सरकार की यह अच्छी पहल है, जिससे भारतीय फूड कंपनियों को अपने उत्पादों को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और व्यापार बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ‘मेड इन इंडिया’ से प्रेरित होकर अपने उत्पादों के लिए कच्चा माल केरल से मंगाती है, जिससे वहां के किसानों को भी आर्थिक लाभ मिलता है।

मेले में देश के कई राज्यों के व्यापारियों के साथ-साथ विदेशों की कंपनियां भी भाग ले रही हैं। कारोबारियों का कहना है कि इस तरह के आयोजन उन्हें नए व्यापारिक साझेदार खोजने और अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर देते हैं।