बड़वानी/भोपाल(डेस्क) - मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में आज बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में राज्य की पहली कृषि कैबिनेट का आयोजन किया गया। किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत किसानों की उन्नति एवं कृषि विकास को नई दिशा देने के संकल्प के साथ आयोजित इस कैबिनेट बैठक की शुरूआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के गायन के साथ की गई।
कैबिनेट में हुए निर्णयों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बताया कि बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में आयोजित कृषि कैबिनेट में आज किसान हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य कल्याण, सहकारिता एवं नर्मदा घाटी विकास सहित 6 विभागों की 16 योजनाओं के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन प्रस्तावों के माध्यम से कृषकों के समग्र कल्याण के लिए राज्य सरकार लगभग ₹27,746 करोड़ व्यय करेगी।