संचारी रोगों पर काबू पाने की तैयारी, सभी निभाएं अ‍पनी जिम्‍मेदारी



  • एक से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा विशेष संचारी रोग नियन्‍त्रण अभियान
  • सात से 21 अक्‍टूबर तक घर घर दस्‍तक देंगी आशा कार्यकर्ता

संतकबीरनगर - मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी डॉ अनिरुद्ध कुमार सिंह ने कहा कि जनपद में एक से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए संचारी रोगों पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आमजनमानस को जागरूक किया जाएगा। सात अक्टूबर से 21 अक्टूबर  तक दस्तक अभियान के जरिए आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संचारी रोगों से ग्रसित मरीजों को घर-घर दस्तक देकर उन्हें चिन्हित करने के साथ-साथ इसके बचाव के प्रति जागरूक भी करेंगी। अभियान में जिसे जो भी जिम्‍मेदारी दी गयी है वह उसका पालन करे।

सीएमओ ने बताया एक अक्टूबर से शुरू होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह की तैयारी की जा रही है। अन्य विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा। संचारी रोगों के मामलों की निगरानी, लक्षण युक्त व्यक्तियों की कोविड-19 जांच करवाना, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की जांच एवं उपचार की व्यवस्था, रोगियों के निःशुल्क परिवहन के लिए रोगी वाहन की व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, लार्वारोधी गतिविधियों,  मॉनिटरिंग, पर्यवेक्षण, रिपोर्टिंग, अभिलेखीकरण तथा विश्लेषण का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही दस्तक अभियान में फिजिकल डिस्टेंसिंग, हाथों की धुलाई और मास्क की अनिवार्यता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दस्तक अभियान के दौरान प्रशिक्षित आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय, लक्षण एवं निकटतम स्वास्थ्य केंद्र के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएंगी।

उन्होंने बताया आशा कार्यकर्ता इस दौरान लक्षणों के आधार पर क्षय रोगियों की भी खोज करेंगी। इसके अतिरिक्त खांसी तथा सांस लेने में दिक्कत की शिकायत वाले रोगियों को भी चिन्हित किया जाएगा तथा उन्हें कोविड जांच के लिए निकटतम स्वास्थ्य इकाई पर भेजा जाएगा।

16 से 31 जुलाई 2022 के दौरान चले अभियान में मेंहदावल ब्‍लॉक के एक गांव की निवासी 45 निर्मला देवी के (जिनके अन्‍दर क्षय रोग की पुष्टि हुई थी ) परिजन बताते हैं कि वह दिव्‍यांग हैं। उनका इलाज शुरु करा दिए हैं। इसके साथ ही उनको पोषक आहार भी दे रहे हैं। उन्‍हें 6 माह का कोर्स पूरा करना है। परिवार के अन्‍य लोगों की टीबी प्रिवेंटिव थैरेपी भी हो गयी है। दवा शुरु होने के बाद से उनके अन्‍दर सुधार हो रहा है।

29 को होगी दूसरी बैठक : मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी डॉ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियन्‍त्रण और दस्‍तक अभियान की जिला स्‍तरीय अधिकारियों की अन्‍तर्विभागीय समन्‍वय समिति की दूसरी बैठक 29 सितम्‍बर दिन गुरुवार को सायं 4.30 बजे से कलेक्‍ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में अभियान की रुपरेखा तय की जाएगी।  

पिछले अभियान में 531 बुखार रोगी हुए चिन्हित : एसीएमओ वेक्‍टर बार्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम डॉ वी पी पाण्‍डेय बताते हैं कि 16 से 31 जुलाई के मध्‍य आयोजित दस्‍तक अभियान के दौरान बुखार के कुल 531 रोगी चिन्हित किए गए। इन सभी की मलेरिया स्‍लाइड बनाई गयी। मलेरिया का धनात्‍मक रोगी कोई नहीं पाया गया। खांसी और जुखाम के लक्षणों के वाले 645 रोगी पाए गए। 8 कोविड पॉजिटिव पाए गए, जबकि 8 क्षय रोगी भी चिन्हित किए गए। 40 कुपोषित बच्‍चे पाए गए जिन्‍हें उपचार के लिए रेफर किया गया। अभियान की शुरुआत जिले के कुल 754 गांवों से हुई थी। इसमें 1944 आशा कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया । कुल 740 वीएचएसएनसी बैठकों का आयोजन किया गया था। आशा कार्यकर्ताओं ने 3.82 लाख घरों में दस्‍तक दी थी। 1321 मातृ बैठको का आयोजन किया गया। एईएस पर चर्चा के लिए 941 वीएचएनडी दिवस आयोजित किए गए। जल की शुद्धता के लिए कुल 3786 क्‍लोरीनेशन डेमो किया गया। 399 स्‍वयं सहायता समूहों के साथ बैठक की गयी। अधिकारियों ने कुल 110 भ्रमण किए थे।