अपर प्राइमरी स्कूल काशीराम नगर में पोस्टर, रोल प्ले व क्विज प्रतियोगिता आयोजित



  • ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रतियोगिता में 55 बच्चों ने लिया भाग
  • कशिश प्रथम, जीतू शुभ दूसरे व राजा तीसरे स्थान पर रहे, विशु को सांत्वना पुरस्कार

मुरादाबाद । अपर प्राइमरी स्कूल काशीराम नगर में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत पोस्टर, रोल प्ले और क्विज  प्रतियोगिता आयोजित की गयी। डायरिया के प्रति जागरूकता के लिए इस मौके पर नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 55 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें कक्षा-सात की कशिश पहले, कक्षा-आठ के जीतू शुभ दूसरे और कक्षा –सात के राजा तीसरे स्थान पर रहे। कक्षा-छह के विशु को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से किया गया।  

प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को डायरिया रोकथाम और प्रबन्धन के बारे में विस्तार से बताया गया। नुक्कड़ नाटक, क्विज और पोस्टर के जरिए डायरिया से बचाव के जरूरी सन्देश दिए गए।  स्वास्थ्य विभाग से प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि टीकाकरण सारणी के अनुसार बच्चों को सारे टीके लगवाएं और रोटावायरस, विटामिन ए को लेना न भूलें। भोजन को ढककर रखें ताकि मक्खियाँ उस पर न बैठें। जिंक की खुराक को दस्त ठीक होने के बाद भी 14 दिनों तक जारी रखें। पीने के पानी को साफ़ रखें और पीने के पानी को निकालने के लिए डंडीदार लोटे का प्रयोग करें। छह माह से छोटे बच्चों को दस्त होने पर भी स्तनपान जारी रखना चाहिए। डायरिया के दौरान ओआरएस से शरीर में पानी की कमी को रोकें।

इस मौके पर प्रधानाचार्य रत्नेश बाला, अध्यापिका उर्वशी शुक्ला, अर्शी सिद्दीकी व अन्य शिक्षकों के साथ आशा कार्यकर्ता सपना गुप्ता और पीएसआई इंडिया से मोहम्मद रिजवान, ममता सैनी आदि उपस्थित रहे।