नई दिल्ली(डेस्क) - भारतीय सेना पहली बार इंटरनेशनल मिलिट्री एडवेंचर चैलेंज कप-आईएमएसीसी 2026 का आयोजित कर रही है। यह प्रतियोगिता 18 से 23 फरवरी 2026 तक पूर्वी हिमालय की तलहटी में खेली जाएगी।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारत और मित्र देशों की सैन्य टीमें एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। आईएमएसीसी 2026 में सात मित्र देशों – भूटान, ब्राजील, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, नेपाल, श्रीलंका और सऊदी अरब – की टीमों के साथ-साथ भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस-आईटीबीपी की टीमें भी भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता को सैनिकों के शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता, टीम वर्क, नेतृत्व और दबाव में निर्णय लेने की क्षमता का परीक्षण करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य एक सैनिक की आवश्यक क्षमताओं जैसे शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और दबाव में निर्णय लेने की योग्यता की परीक्षा लेना है। इसमें पहाड़ी और कठिन भू-भाग में आधारित चुनौतियां शामिल होंगी, जो वास्तविक सैन्य अभियानों जैसी परिस्थितियों को दर्शाएंगी।
अंतरराष्ट्रीय सैन्य खेल परिषद-सीआईएसएम लंबे समय से दुनिया भर की सेनाओं के बीच विश्वास और सहयोग बढ़ाने का माध्यम रहे हैं। भारत इस वैश्विक परंपरा में सक्रिय भागीदार रहा है और इससे पहले 2007 में चौथे सीआईएसएम मिलिट्री वर्ल्ड गेम्स की मेजबानी भी कर चुका है।