नई दिल्ली - देश की 77वीं गणतंत्र दिवस परेड को ऐतिहासिक और सर्वसमावेशी बनाने के लिए केंद्र सरकार ने खास पहल की है। 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में समाज के अलग–अलग क्षेत्रों से जुड़े करीब 10 हजार विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इन अतिथियों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी, पैरा चैंपियन, ओलंपियाड विजेता छात्र, वीर गाथा और राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता के विजेता शामिल होंगे। कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े प्राकृतिक खेती करने वाले किसान, फसल बीमा योजना के लाभार्थी, FPO और PACS के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूह, स्ट्रीट वेंडर्स, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक और सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े लाभार्थी भी परेड का हिस्सा बनेंगे। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र से इसरो, डीआरडीओ, गगनयान, चंद्रयान, सेमीकॉन इंडिया और ग्रीन हाइड्रोजन मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों और नवाचार से जुड़े उद्यमियों को भी आमंत्रण दिया गया है। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ज़मीन पर बदलाव लाने वाले लोगों को सम्मान देना और राष्ट्रीय आयोजनों में जनभागीदारी को और मजबूत करना है।