सामाजिक सुरक्षा योजनाओं ने बदला करोड़ों लोगों का जीवन: सीएम योगी



नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में राज्य सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाएं समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को सीधा लाभ प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 6 लाख से अधिक निराश्रित माताएं, बहनें, वृद्धजन एवं दिव्यांगजन प्रतिमाह ₹1,000 की पेंशन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे वे सम्मानजनक जीवन जी पा रहे हैं।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि, 11 लाख से अधिक दिव्यांगजनों को भरण-पोषण अनुदान के साथ-साथ सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग भी प्रदान किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज में आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देना है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में चलाई जा रही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अब तक 4,77,680 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया है। इन लाभार्थियों को कुल ₹2,378 करोड़ की आर्थिक सहायता दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन योजनाओं को "अंत्योदय से राष्ट्रोदय की जीवंत साधना" कहा।