24 करोड़ की लागत से राम की पैड़ी पर बनेगी दर्शक दीर्घा



  • दर्शक दीर्घा में 5000 लोगों के बैठने की रहेगी सुविधा

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में जब से दीपोत्सव का आयोजन शुरू किया तब से लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। इस को देखते हुए अयोध्या धाम में आयोजित होने वाले पर्वों पर जुटने वाली लाखों की भीड़ को बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए राम की पैड़ी पर पर्यटन विभाग की ओर से दर्शक दीर्घा का निर्माण कराया जा रहा है। इस दर्शक दीर्घा का निर्माण पूरा हो जाने के बाद राम की पैड़ी पर हर समय लगभग 5000 लोग बैठ कर दीपोत्सव जैसे पर्व को भली भांति देख सकेंगे।

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि राम की पैड़ी पर लगभग 23.24 करोड़ की लागत से दर्शक दीर्घा का निर्माण कराया जा रहा है। इसका निर्माण कार्यदायी संस्था प्रोजेक्ट कार्पोरेशन सिंचाई विभाग की ओर से हो रहा है। यह निर्माण कार्य दीपोत्सव से पहले पूरा कर लिया जाएगा। अयोध्या में आयोजित होने वाले पर्व पर सबसे अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ राम की पैड़ी पर ही जुटती है। इसे देखते हुए योगी सरकार ने दर्शक दीर्घा बनाने की योजना तैयार की है, जिस पर कार्य प्रारंभ हो गया है।