डा. सक्सेना को योगी सरकार में मंत्री बननेे पर कायस्थ संघ अंतर्राष्ट्रीय ने दी बधाई



लखनऊ - उत्तर प्रदेश की बरेली की 124 शहर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर लगातार तीन बार जीतकर हैट्रिक लगाने वाले विधायक डॉ. अरुण कुमार सक्सेना को भाजपा ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया है। वह योगी आदित्यनाथ की सरकार में शुक्रवार को पहली बार मंत्री बने हैं। डा. सक्सेना इकलौते कायस्थ मंत्री हैं जिन्हें योगी मंत्रिमंडल में जगह मिली है। इस बाबत उनको कायस्थ संघ अंतर्राष्ट्रीय के अध्यक्ष दिनेश खरे ने बधाई दी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी कि उन्होंने अपने मंत्रिमंडल में कायस्थ समाज को प्रतिनिधित्व दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि संख्या के लिहाज से हमारी मंत्रिमंडल में संख्या अधिक होनी चाहिए । इस मौके पर डा. सक्सेना ने भी श्री खरे को आश्वस्त किया कि वह समाज की बेहतरी के लिए जो भी बन सकेगा, करेंगे।

शनिवार को लखनऊ में डा. अरुण सक्सेना से मुलाकात कर उनको बधाई दे कर दिनेश खरे ने कहा कि कायस्थ समाज ने हर जगह भाजपा के कायस्थ उम्मीदवारों को ही नहीं बल्कि हर प्रत्याशी को जिताने की पूरी कोशिश की। इस मौके पर श्री खरे ने कहा कि श्री सक्सेना की सादगी, साफ-सुथरी छवि सरकार के लिए बेहतर मानी गई। इसीलिए वे भाजपा संगठन की बरेली मंडल के 20 विधायकों में सबसे पहली पसंद बने।

गौरतलब हैे कि डॉ. अरुण कुमार सक्सेना एमबीबीएस हैं। वह शहर में एक हॉस्पिटल चलाते हैं। उनको बच्चों का काफी अच्छा डॉक्टर माना जाता है। डॉ. अरुण ने 2007 विधानसभा चुनाव सपा के टिकट पर शहर विधानसभा से लड़ा था, मगर, हार गए थे। इसके बाद भाजपा के टिकट पर 2012, 2017 और 2022 के चुनाव जीतकर विधायक बने और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए हैं। डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने भाजपा को लगातार तीन बार जीत दिलाई है।