एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेज द्वारा समारोह आयोजित



लखनऊ (डेस्क) - विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य पर एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेज के द्वारा संचालित समृद्धि परियोजना के तहत 50 महिला उद्यमियों के साथ कुड़िया घाट पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के गेम एवं रोचक कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को महिला दिवस के महत्त्व की जानकारी दी गयी एवं महिलाओं को उनके अपने व्यापार को बढ़ाने के बेहतर प्रयास के लिए सम्मानित किया गया।  

मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती उमा मिश्रा जी (नगर मंत्री महिला मोर्चा भाजपा), रेडियो मिर्ची से RJ प्रतीक एवं मांझी अवार्ड से सम्मानित रिद्धि गौर (गोमती मैन ऑफ़ लखनऊ) ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।   

कार्यक्रम में महिलाओं को बताया गया की अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) केवल एक दिन नहीं है, बल्कि आधी आबादी की पूरी कहानी को जश्न के रूप में मनाने का दिन होता है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2022 की थीम वीमेन ऑफ़ टुमारो यानी (आने वाले कल की महिला) के बारे में भी चर्चा की गयी।जो महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित है। इस दिन न केवल महिलाएं अपनी खुशी जाहिर करती हैं, बल्कि हर पुरुष भी उनका आदर - सत्कार और उन्हें प्रोत्साहित करता है, ताकि समाज में लिंग भेदभाव ना हो। धरती से लेकर पाताल तक हर क्षेत्र के निर्माण में महिलाओं का अतुलनीय योगदान रहा है। महिलाएं ही बिजनस, उद्यमी कार्यों और वेतनरहित श्रम के रूप में अर्थव्यवस्था में काफी बड़ा योगदान देती हैं। कॉरपोरेट्स जगत की बात करें तो आज हर बड़े पद पर महिलाओं का ही वर्चस्व है। भारत जैसे पुरुष प्रधान देश में भी महिलाओं ने अपने कौशल कार्य से अपनी अलग पहचान बनाई है। इसके साथ ही यह भी बताया गया की आज की व्यस्त दुनिया में महिलाओं को एक सुरक्षित भविष्य के लिए फाईनेंशल प्लानिंग करना आवश्यक है। जीवन में तरक्की के लिए महिलाओं को आर्थिक जगत में अपनी पैठ को बढ़ाना होगा। घर की महिला द्वारा अपने फाईनेंस की ठोस प्लानिंग से परिवार का फाईनेंशल प्लान मजबूत होता है और जीवन के महत्वपूर्ण खर्चों, जैसे घर खरीदना, बच्चों की उच्च शिक्षा की योजना आदि के खर्चों को पूरा करने में मदद मिलती है। फाईनेंशल प्लानिंग महिलाओं को किसी पर भी निर्भरता के बिना अपनी व्यक्तिगत एवं प्रोफेशनल महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए भी महत्वपूर्ण है। 

कार्यक्रम में संस्था की तरफ से अनुषा, ऋषभ,दीक्षा और उनकी टीम रीना, चंदा, पूर्णिमा, गुरमीत, अमरनाथ, दीपशिखाएवं अनम उपस्थित रहे।