योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का हुआ पहला मंत्रिमंडल विस्तार



लखनऊ(डेस्क) - उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंगलवार शाम को पहली बार मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। इसके तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के विधायक अनिल कुमार और भाजपा के एमएलसी दारा सिंह चौहान तथा साहिबाबाद के विधायक सुनील शर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली।

दावा किया जा रहा था कि भाजपा, रालोद और सुभासपा को मिलाकर 6 से 7 मंत्री शपथ ग्रहण कर सकते हैं। हालांकि चार मंत्रियों को ही शपथ दिलाई गयी है। मंगलवार शाम पांच बजे यहां राजभवन के गांधी सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में चारों को कैबिनेट मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गयी।