चंडीगढ़ से अयोध्या के लिए CTU चलाएगा बस, 19 घंटे का होगा सफर



नई दिल्ली(डेस्क) - चंडीगढ़ प्रशासन ने रामभक्तों को एक तोहफा देते हुए अब चंडीगढ़ से अयोध्या तक सीधी बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है। अयोध्या में प्रभु राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में लोगों की उमड़ी भावनाओं की कद्र करते हुए चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग ने अन्य धार्मिक स्थलों की तरह अयोध्या के लिये भी अपनी लॉंग रूट सेवा जारी करने का फैसला किया है। आईएसबीटी-17 चंडीगढ़ से अयोध्या धाम उत्तर प्रदेश के लिए बस सेवा बसंत पंचमी से पहले शुरू की जाएगी।

सेक्टर 17 के बस स्टैंड से अयोध्या धाम तक बसंत पंचमी से पहले इसे चलाया जाएगा। आईएसबीटी 17 से दोपहर 1.30 बजे रोजाना चलेगी और अगले दिन सुबह 8.30 बजे अयोध्या पहुंचेगी। इसी तरह अयोध्या से बस शाम 4.30 बजे रोजाना चलेगी और अगले दिन सुबह 11.05 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 17 बस स्टैंड पर पहुंचेगी। 947 किलोमीटर के इस सफर के लिये 1706 रुपये का किराया तय किया गया है। बस का एक तरफ का सफर 19 घंटे का रहेगा।