प्रो. राजेन्द्र प्रसाद को इंडियन कॉलेज ऑफ एलर्जी अस्थमा एंड एप्लाइड इम्यूनोलॉजी का लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड



लखनऊ । निदेशक चिकित्सा शिक्षा व प्रोफेसर रेस्पिरेटरी मेडिसिन, एराज़ लखनऊ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, एरा यूनिवर्सिटी लखनऊ और एमेरिटस प्रोफेसर, नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (भारत) प्रोफेसर राजेंद्र प्रसाद को उनके समृद्ध और विशिष्ट वैज्ञानिक उपलब्धियों के लिए इंडियन कॉलेज ऑफ एलर्जी अस्थमा एंड एप्लाइड इम्यूनोलॉजी के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें को जयपुर में 57वें एलर्जी, अस्थमा और एप्लाइड इम्यूनोलॉजी के वार्षिक सम्मेलन के उद्घाटन समारोह के दौरान प्रदान किया गया। उन्हें नेशनल कॉलेज ऑफ चेस्ट फिजिशियन (भारत), इंडियन एसोसिएशन फॉर ब्रोंकोलॉजी, थोरैसिक एंडोस्कोपी सोसायटी ऑफ इंडिया, इंडियन चेस्ट सोसायटी और ट्यूबरकुलोसिस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

प्रो. प्रसाद वर्तमान में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) में मेडिकल कॉलेजों की भागीदारी के लिए राष्ट्रीय टास्क फोर्स के उपाध्यक्ष और यूपी क्षय रोग एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। उन्हें भारत में पल्मोनरी मेडिसिन के क्षेत्र में इंडियन कॉलेज ऑफ एलर्जी, अस्थमा और एप्लाइड इम्यूनोलॉजी सहित सभी प्रमुख वैज्ञानिक निकायों के अध्यक्ष होने का अद्वितीय गौरव प्राप्त है। वर्तमान में वह इंडियन कॉलेज ऑफ एलर्जी, अस्थमा और एप्लाइड इम्यूनोलॉजी के उत्तरी क्षेत्र के संयोजक भी हैं। उन्होंने एलर्जी, अस्थमा और एप्लाइड इम्यूनोलॉजी में कई राष्ट्रीय सम्मेलन और कार्यशालाएँ आयोजित की हैं। वह वर्ष 2022 में श्वसन एलर्जी के निदान के लिए इंडियन गाइडलाइन और भारत में एलर्जेन इम्यूनो थेरेपी के अभ्यास के लिए गाइडलाइन तैयार करने के लिए सक्रिय सदस्य रहे हैं। उन्होंने लगभग 200 शोधों का पर्यवेक्षण किया है और 400 मूल लेख, समीक्षाएँ और पुस्तक अध्याय प्रकाशित किए हैं। उन्होंने 12 किताबें भी लिखीं हैं, जिनमें एलर्जी और अस्थमा और क्लिनिकल एलर्जी पर दो किताबें, तपेदिक पर चार  किताबें और फाइबर ऑप्टिक ब्रोंकोस्कोपी और मैनुअल ऑफ चेस्ट एक्स-रे पर एटलस शामिल हैं।

प्रो. प्रसाद को भारत वर्ष में पल्मोनरी मेडिसिन और एलर्जी अस्थमा को विकसित करने और लोकप्रिय बनाने के लिए 65 से अधिक पुरस्कारों  से सम्मानित किया जा चुका है, जिसमे डॉ. बी.सी. रॉय राष्ट्रीय पुरस्कार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश सरकार का विज्ञान गौरव पुरस्कार, इंडियन कॉलेज ऑफ़ एलर्जी अस्थमा एण्ड एप्लाइड इम्यूनोलॉजी का डी.एन.शिवपुरी ओरेशन पुरस्कार शामिल हैं।