राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की एयरपोर्ट पर अगुवानी करेंगे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह



  • लखनऊ में कल से शुरू हो रहा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय दौरा

लखनऊ (एजेंसी) - राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू सोमवार को लखनऊ पहुंचेंगी और डिवाइन हॉस्पिटल के स्थापना की 27वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह लखनऊ एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति की अगुवानी करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह डिवाइन हॉस्पिटल के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जायेंगे।

इसके अतिरिक्त राष्ट्रपति 12 दिसंबर को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आईआईआईटी के दूसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्त अतिथि शामिल होंगी। बता दें कि 11 दिसंबर की रात लखनऊ पहुंचने पर राष्ट्रपति राजभवन में रुकेंगी। यहां उनके लिए मिनी राष्ट्रपति कार्यालय बनाया जा रहा है।

भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंचेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का अपराह्न 03:55 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर आगमन होगा। इसके बाद राजनाथ सिंह लखनऊ एयरपोर्ट पर रुकेंगे और राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के आगमन पर उनकी अगवानी करेंगे। उसके उपरांत डिवाइन हॉस्पिटल की स्थापना की 27वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति के साथ सम्मिलित होंगे।

राजनाथ सिंह शाम 6:40 पर रवाना होंगे और चौक, सोंधी टोला स्थित पूर्व मंत्री एवं विधायक स्वर्गीय आशुतोष टंडन के आवास जाएंगे। रक्षा मंत्री रात्रि 8:35 पर लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दिल्ली के लिये रवाना होंगे।