फिर बढ़ सकता है यमुना का जलस्तर, प्रशासन अलर्ट



नई दिल्ली(नेशनल डेस्क) - केंद्रीय जल आयोग ने आशंका जाहिर की है कि यमुना के जलस्तर में इजाफा हो सकता है। दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर नजर रखने तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का इंतजाम करने का निर्देश दिया है।

बता दें कि हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना नदी में वाटर लेवल खतरे के निशान के ऊपर जा सकता है। इसे देखते हुए दिल्ली सरकार हाई अलर्ट पर है। यमुना घाटों पर रहने व सोने वाले लोगों से घाट खाली कराने शुरू कर दिए गए हैं। पूर्वी दिल्ली जिला प्रशासन ने नावों से यमुना घाटों पर मुनादी शुरू कर दी है।

साथ ही यमुना का पानी रिहायशी इलाकों में न घुसे इसके लिए इस और कुछ कदम उठाए गए है। इसलिए बरसाती नालों को फिलहाल यमुना की तरफ से बंद कर दिया गया है। साथ ही ऐसे रास्ते जिनसे पानी कश्मीरी गेट और सिविल लाइंस इलाके में घुसा था वहां पर भी दो से तीन फिट की ऊंचाई पर मिट्टी के बोरे भी लगाए गए हैं।