दिल्ली में लगातार बढ़ रहा यमुना का जलस्तर, आसपास के इलाकों में पहुंचा पानी



नई दिल्ली(एजेंसी) - दिल्ली में यमुना का जलस्तर रात में और अधिक बढ़ जाने से निचले इलाकों में भारी जलजमाव हुआ है। जिसके चलते सड़कों और घरों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। यमुना में गुरुवार सुबह 7:00 बजे जलस्तर 208.46 मीटर था। वर्तमान में जल का स्तर खतरे के स्तर से 3 मीटर ऊपर है। बारिश और हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी से यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है।

यमुना में बढ़े जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन में जाने का रास्ता बंद हो चुका है। दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट कर कहा है कि वर्तमान में यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पानी के चलते उपलब्ध नहीं है। कृपया अपनी यात्रा को प्लान करते समय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि यमुना बैंक स्टेशन पर फिलहाल इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध है।

बारिश के चलते दिल्ली के विभिन्न इलाकों में ट्रैफिक जाम का भी संकट पैदा हो गया है। शास्त्री पार्क इलाके में लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आज DDMA की बैठक हुई जिसमे दिल्ली के सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को रविवार तक के लिए बंद किया जा रहा है और सभी गैर ज़रूरी सरकारी दफतरों में वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा जा रहा जा है। प्राइवेट ऑफ़िस को भी वर्क फ्रॉम होम लागू करने की एडवाइज़री जारी की जा रही है।