दिल्ली में बाढ़ का खतरा, यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के पार



नई दिल्ली (डेस्क) -  दिल्ली-एनसीआर के कई इलाको में तेज बारिश शुरू हो गई है तो वहीं यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

लोक निर्माण विभाग मंत्री आतिशी ने यमुना नदी का निरीक्षण किया। आतिशी ने कहा बारिश के कारण पीछे से यमुना नदी में भारी मात्रा में पानी आ रहा है। हमने स्थिति पर नजर बनाई हुई है। जो लोग पानी के करीब रहते हैं उन्हें रेस्क्यू किया जा रहा है। अभी स्थिति नियंत्रण में है। अधिकारियों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। त्वरित प्रतिक्रिया दल और नौकाएं तैनात की गई हैं। दिल्ली सरकार ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों और यमुना के जलस्तर की निगरानी के लिए एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष सहित 16 नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।