गणतंत्र दिवस समारोह में दिखेगी नारी शक्ति की ताकत, परेड में केवल महिलाएं लेंगी हिस्सा



नई दिल्ली (डेस्क) - नरेंद्र मोदी सरकार सैन्य और अन्य क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े कदम उठा रही है।  इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए केंद्र सरकार गणतंत्र दिवस 2024 को महिलाओं के लिए खास बनाने वाली है। इस बार कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में परेड, मार्च पास्ट, झांकी से लेकर परफॉर्मेस में केवल महिलाएं दिखेंगी।

मिली जानकारी के अनुसार रक्षा मंत्रालय की औपचारिक शाखा द्वारा सभी रक्षा बलों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण विभागों को अभी से इस संबंध में एक नोट जारी कर दिया गया है, जो अन्य सभी मंत्रालयों और विभागों के समन्वय में गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन करता है। नोट में कहा गया है कि विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय किया गया है कि अगले साल गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में शामिल टुकड़ियों (मार्चिंग और बैंड), झांकी और अन्य प्रदर्शनों में केवल महिला प्रतिभागी होंगी।

हाल के वर्षों में, डिफेंस फोर्सेस और पैरामिलिट्री फोर्सेस ने सेना में सभी संभावित भूमिकाओं में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए  महिला कमांडरों और डिप्टी कमांडरों को चुना गया है। इसके साथ ही हाल ही सेना के आर्टिलरी रेजीमेंट में महिला अधिकारियों की नियुक्ति शुरू कर दी गई है।