PM मोदी ने देश को दी 91 FM ट्रांसमीटर्स की सौगात



नई दिल्ली (डेस्क) - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारत में रेडियो कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 91 FM ट्रांसमीटरों का उद्घाटन कर दिया है। ये देश के 18 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में फैला है, जो सीमावर्ती क्षेत्रों और आकांक्षी जिलों में एफएम रेडियो संपर्क को बढ़ावा देगा। बता दें कि एफएम रेडियो का यह विस्तार प्रधानमंत्री मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के ऐतिहासिक 100वें एपिसोड से केवल दो दिन पहले हुआ है।

इस मौके पर पीएम ने कहा कि आज ऑल इंडिया रेडियो की FM सेवा का ये विस्तार ऑल इंडिया FM बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऑल इंडिया रेडियो के 91 FM ट्रांसमिशन की ये शुरुआत देश के 85 ज़िलों के 2 करोड़ लोगों के लिए उपहार की तरह है। वहीं इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक कदम है कि आज 91 एफएम ट्रांसमीटरों का उद्घाटन किया गया। यह स्थानीय लोगों तक मनोरंजन, खेल और खेती से संबंधित जानकारी प्रसारित करने में बहुत मददगार होगा।