सम्राट चौधरी बने बिहार भाजपा के अध्यक्ष



नई दिल्ली/पटना(डेस्क) - भाजपा ने गुरुवार को बिहार भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा की है। विधानपरिषद के सदस्य सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने तत्काल प्रभाव से सम्राट चौधरी को बिहार का अध्यक्ष बनाया है। बता दें एनडीए की सरकार में सम्राट चौधरी पंचायती राज विभाग के मंत्री थे। भाजपा ने लगातार तीसरी बार पिछड़े समाज से आने वाले नेता को प्रदेश अध्यक्ष बना कर बड़ा संदेश देने का काम किया है। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल और वर्तमान में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के बाद, पिछड़े समाज से तीसरे नेता को पार्टी ने लगातार प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।