अभिनेता-निर्देशक सतीश कौशिक का निधन



नई दिल्ली(डेस्क) - बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का निधन हो गया है। उन्होंने 66 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहा। यह जानकारी अनुपम खेर ने सुबह ट्वीट कर दी है। उन्होंने सतीश कौशिक को श्रद्धांजलि दी है। बता दें, सतीश कौशिक महामारी के दौरान कोविड से संक्रमित भी हुए थे।  

सतीश कौशिक का पोस्टमॉर्टम दिल्ली के दीन दयाल अस्पताल में किया जाएगा। गुरुवार तड़के उनके निधन के बाद उन्हें सुबह 5:30 बजे अस्पताल लाया गया था।

सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल 1956 को हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ था। स्कूली पढ़ाई दिल्ली में हुई थी। किरोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) में एडमिशन लिया था। सतीश ने 1983 में बॉलीवुड में कदम रखा। इससे पहले उन्होंने थिएटर में काम किया था। वे अभिनेता, कॉमेडियन, स्क्रिप्ट राइटर, निर्देशक और निर्माता थे। सतीश को पहचान 1987 में फिल्म मिस्टर इंडिया से मिली थी। इसके बाद उन्होंने 1997 में दीवाना-मस्ताना में पप्पू पेजर का किरदार निभाया था। सतीश को 1990 में राम लखन के लिए और 1997 में साजन चले ससुराल के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का फिल्म फेयर पुरस्कार मिला था।

 बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म 'रूप की रानी चोरों का राजा' (1993) थी, जिसमें श्रीदेवी मुख्य भूमिका में थीं। निर्देशक के रूप में उनकी पहली हिट फिल्म 'हम आपके दिल में रहते हैं' थी, जो 1999 में रिलीज हुई थी। 2005 में, कौशिक ने अर्जुन रामपाल, अमीषा पटेल और जायद खान अभिनीत फिल्म वादा का निर्देशन किया था। 2007 में कौशिक ने अनुपम खेर के साथ मिलकर करोल बाग प्रोडक्शंस नामक एक नई फिल्म कंपनी शुरू की। इस बैनर तले उनकी पहली फिल्म तेरे संग थी, जिसका निर्देशन सतीश कौशिक ने किया था।

सतीश कौशिक की मौत ने सभी को सन्न कर दिया है। 24 घंटे पहले वो अपने फिल्मी दोस्तों संग होली खेल रहे थे। उन्होंने जावेद अख्तर से लेकर महिमा चौधरी के साथ होली खेलते हुए खूब सारी फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर की थीं। वो बेहद खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने फैंस को भी होली की शुभकामनाएं दी थीं।

बताया जा रहा है कि सतीश कौशिक की मौत हार्ट अटैक से हुई है। वो अपने किसी रिश्तेदार से मिलने गुरुग्राम गए थे, जहां कार में उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें हॉस्पिटल लेकर जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।