माणिक साहा ने ली त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद की शपथ



नई दिल्ली (एजेंसी) - माणिक साहा ने बुधवार को दूसरी बार पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। उनके साथ आठ और मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। पीएम के अलावा बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।

राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने रतनलाल नाथ, प्राणजीत सिंघा रॉय, सांतना चकमा, टिंकू रॉय और बिकाश देबबर्मा सहित आठ मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। इनमें से पांच नए चेहरे हैं, जबकि पहले के मंत्रिमंडल में शामिल रहे चार मंत्रियों को भी नए मंत्रिमंडल में जगह मिली है।

माणिक साहा ने शुक्रवार को अगरतला में राजभवन में राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपना इस्तीफा सौंपा था। राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के शपथ लेने तक पद पर बने रहने के लिए कहा था। बता दें कि त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा 32 सीटें जीती हैं। टिपरा मोथा पार्टी 13 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर रही। वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) को 11 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं थीं।