त्रिपुरा के नए CM होंगे माणिक साहा, विधायक दल की बैठक में लिया गया फैसला



नई दिल्ली(डेस्क) - भारतीय जनता पार्टी के नेता माणिक साहा त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री होंगे। आज भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुन लिया गया है। विधायकों की बैठक के बाद माणिक साहा के नाम की घोषणा की गई। साहा दूसरी बार राज्य में सरकार की कमान संभालेंगे।

मुख्‍यमंत्री और नवगठित मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार, 8 मार्च को होगा. इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्‍यक्ष जेपी नड्डा भी उपस्थित रहेंगे। बता दें कि मई 2022 में डॉक्‍टर माणिक साहा को तत्कालीन सीएम बिप्लब कुमार देब के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद ही पार्टी ने अगला मुख्यमंत्री घोषित किया था। 70 साल के माणिक साहा राजनीति में आने से पहले ओरल और मैक्सिलोफेशियल सर्जन के रूप में काम करते थे।  वे उत्तर प्रदेश लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज से मेडिकल ग्रैजुएट हैं और डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य भी हैं।

त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी ने IPFT के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जबकि कांग्रेस ने लेफ्ट के साथ गठबंधन कर लिया था। चुनाव के नतीजों में भाजपा ने सूबे में अपनी सत्ता बरकरार रखी। भाजपा को 32 और आईटीएफटीक को एक सीट पर सफलता मिली थी।