घरेलू LPG सिलेंडर 50, कमर्शियल 350 रुपये महंगा



नई दिल्ली(डेस्क) - होली से ठीक पहले एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों को बड़ा झटका दे दिया है। आज से घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 50 रुपए तो कमर्शियल सिलेंडर के दाम 350 रुपए महंगा हो गया है। 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 350.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

इस साल कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है। नए साल में एक जनवरी को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर दिल्ली से पटना तक महंगा हुआ था। 1 जनवरी 2023 को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के रेट में 25 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि फरवरी में कोई बदलाव नहीं किए गए थे। आज एक मार्च को एक झटके में ही दाम 350 रुपये से अधिक बढ़ा दिए गए। वहीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट 8 महीने बाद बढ़े हैं।

इस बढ़ोतरी के साथ ही दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर की कीमत बढ़कर 2119.50 हुई. एलपीजी गैस सिलेंडर की नई दरें आज से प्रभावी मानी जाएगी। वहीं राजधानी दिल्‍ली में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का दाम अब 1103 रुपये पहुंच गया है। पहले यहां 1053 रुपये में सिलेंडर मिलता था। घरेलू सिलेंडर की कीमतों में करीब 8 महीने बाद बढ़ोतरी की गई है।  सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मार्च से नई दरें लागू कर दी हैं।