दिल्ली एमसीडी में पहली बार AAP का कब्‍जा, शैली ओबेरॉय बनीं मेयर



नई दिल्ली (डेस्क) - मेयर चुनाव कराने को लेकर लगातार तीन बैठकों से बने गतिरोध के बाद अब आज बुधवार को दिल्ली को नया मेयर मिल गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय ने जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी (AAP) की निगम पार्षद शैली ओबेरॉय ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हराया है। दिल्ली में पहली बार आप का मेयर बना है। मेयर पद के लिए हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी शैली ओबेरॉय को 150 और भाजपा की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 116 वोट मिले थे।

बता दें कि आप ने चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव में 134 वार्डों में जीत हासिल की थी और नगर निकाय पर भाजपा के 15 साल पुराने शासन को समाप्त कर दिया था। भाजपा 104 वार्ड में जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। कांग्रेस ने 250 सदस्यीय निगम सदन में नौ सीट जीती थीं।