शुक्रवार को मुंबई में 2 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे प्रधानमंत्री मोदी



नई दिल्ली(डेस्क) -  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को भारत की 9वीं और 10वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। दोनों ट्रेनों का उद्घाटन दोपहर करीब 2 बजकर 45 मिनट पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल, मुंबई से किया जाएगा। ट्रेन दो अलग-अलग मार्गों पर चलेगी. एक ट्रेन मुंबई से सोलापुर के रास्ते पर और दूसरी मुंबई से साईंनगर शिर्डी की दूरी तय करेगी।

मुंबई-सोलापुर वंदे भारत ट्रेन, देश की 9वीं वंदे भारत ट्रेन होगी। इस वर्ल्ड क्लास ट्रेन से यात्री मुंबई से सोलापुर के बीच आरामदेह सफर कर सकेंगे। यह ट्रेन यात्रियों को सोलापुर में सिद्धेश्वर, सोलापुर के पास अक्कलकोट, तुलजापुर, पंढरपुर एवं पुणे के पास आलंदी जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों के लिए यात्रा की बेहतरीन सुविधा देगी। वहीं, मुंबई-साईंनगर शिरडी वंदे भारत ट्रेन देश की 10वीं वंदे भारत ट्रेन होगी। यह ट्रेन महाराष्ट्र में नासिक, त्र्यंबकेश्वर, साईंनगर शिरडी, शनि शिंगणापुर जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों तक यात्रा को सुगम बनाएगी। पीएम मोदी इन दोनों ट्रेनों को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से हरी झंडी दिखाएंगे।