वैज्ञानिक प्रकाशनों की वैश्विक रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंचा भारत



नई दिल्ली(डेस्क) - वैज्ञानिक प्रकाशनों की वैश्विक रैंकिंग श्रेणी में भारत ने लंबी छलांग लगाने के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा किया है। इससे पहले भारत 7वें स्थान पर था। अमेरिका के ‘नेशनल साइंस फाउंडेशन’ के विज्ञान और इंजीनियरिंग संकेतक की हालिया रिपोर्ट में भारत की छलांग नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने वाली वर्तमान सरकार की सोच का उदाहरण है। मंत्रालय ने आगामी 2023-24 के बजट में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के लिए 20% बजट अधिक मिलने की संभावना जताई है।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान भारत पेटेंट कार्यालय (आईपीओ) में भारतीय वैज्ञानिकों को दिए गए पेटेंट की संख्या में भी तेजी से वृद्धि हुई है। भारत की वैज्ञानिक बिरादरी के लगातार प्रयासों की सराहना करते हुए, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने पीएम मोदी द्वारा प्रदान किए गए एक सक्षम वातावरण और कार्य करने की स्वतंत्रता को पूरा श्रेय दिया है।