मनप्रीत बादल ने थामा बीजेपी का दामन



नई दिल्ली/चंडीगढ़(डेस्क) - पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। मनप्रीत बादल ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ की मौजूदगी में भाजपा ज्वॉइन की है। मनप्रीत बादल के भाजपा में शामिल होने को पंजाब में कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ पहले ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजे अपने इस्तीफे में बादल ने कहा कि कांग्रेस से उनका ‘‘मोहभंग’’ हो गया है।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मनप्रीत सिंह बादल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मनप्रीत सिंह बादल देशहित को सर्वोपरि रखते हैं। ये पूरे समय देश और विशेष कर पंजाब के बारे में सोचते हैं। मनप्रीत सिंह बादल के पार्टी में आने से पंजाब की सेवा में भाजपा अहम भूमिका निभाएगी।