फुटबॉल के महान खिलाड़ी पेले का निधन, पेट के कैंसर से पीड़ित थे



लखनऊ(डेस्क) - ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले का गुरुवार देर 82 साल की उम्र में निधन हो गया है। पेले पेट के कैंसर से जूझ रहे थे। उन्हें 29 नवंबर को साओ पाउलो के अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शुमार पेले ने करीब दो दशक तक अपने प्रशंसकों का खेल के जरिए मनोरंजन किया। पेले ब्राजील  को फुटबॉल के शिखर तक लेकर गए। पेले के रहते हुए ब्राजील ने 1958, 1962 और 1970 में फुटबॉल विश्व कप जीता था। फीफा विश्व कप 2022 के दौरान पेले ने अस्पताल में टीवी पर ब्राजील के मैच देखते हुए अपनी टीम को चीयर भी किया था। हालांकि ब्राजील का सफर क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सका था। 25 दिसंबर को परिवार ने क्रिसमस का त्योहार पेले के साथ अस्पताल में ही मनाया था। उनके निधन पर न केवल ब्राजील बल्कि पूरी दुनिया और पूरे फुटबॉल जगत में शोक की लहर है। मौजूदा पीढ़ी के तीन बेहतरीन फुटबॉलर्स, अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और ब्राजील के नेमार ने पेले को श्रद्धांजलि दी है।