बढ़ती ठंड के कारण यूपी के स्कूलों का बदला समय



लखनऊ(डेस्क) -  उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बुधवार को भी सुबह घना कोहरा छाया रहा और नमी बढ़ने के कारण लोगों को गलन भरी सर्दी का सामना करना पड़ा। इसी के मद्देनज़र लखनऊ जिला प्रशासन ने शीतलहर के मद्देनजर कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक खोलने के आदेश जारी किये हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मुरादाबाद और मेरठ मंडलों में दिन के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, अयोध्या, कानपुर तथा बरेली मंडलों में भी अधिकतम तापमान में गिरावट रिकॉर्ड की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, कानपुर मंडल में रात के तापमान में खासी गिरावट हुई जबकि राज्य के बाकी मंडलों में न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य रहा। वहीं अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में दिन का तापमान 19 डिग्री और रात का तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।